मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम (NACP) के अंतर्गत HIV Negative “At Risk Clients” के लिए सुरक्षा से सम्पूर्ण सुरक्षा विषय पर एक एडवोकेसी मीटिंग एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम गुप्ता रिसोर्ट्स, दिल्ली–देहरादून हाईवे स्थित सभागार में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की। कार्यशाला का शुभारम्भ मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया और जिला क्षय रोग अधिकारी लोकेश गुप्ता द्वारा फीता काटकर किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य HIV संक्रमण की रोकथाम, जोखिम समूहों में जागरूकता बढ़ाना तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी लोकेश गुप्ता ने टीबी, हेपेटाइटिस बी एवं सी, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम का परिचय तथा SSK ओरिएंटेशन पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी और HIV के बीच सह-संक्रमण एक बड़ी चुनौती है, जिसे समय पर जांच और समन्वित उपचार से नियंत्रित किया जा सकता है।ART मेडिकल ऑफिसर मुजीबुर्रहमान ने HIV महामारी के प्रमुख कारणों, NACP की रणनीतियों तथा HIV/AIDS से संबंधित रोकथाम, जांच और उपचार के विभिन्न पहलुओं पर प्रतिभागियों को विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने जोखिम व्यवहार, समय पर काउंसलिंग और नियमित जांच के महत्व पर विशेष जोर दिया। डॉ सोनिया द्वारा OST केंद्र के कार्यों, नशा मुक्ति सेवाओं और उपचार प्रणाली की जानकारी साझा की गई, जिससे नशा करने वाले व्यक्तियों में HIV संक्रमण की रोकथाम को मजबूती मिल सके।
सम्पूर्ण सुरक्षा मैनेजर साजिद अली ने सम्पूर्ण सुरक्षा केंद्र के उद्देश्य, वहां उपलब्ध सेवाओं और लाभार्थियों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह केंद्र HIV, टीबी, हेपेटाइटिस सहित अन्य यौन एवं रक्त जनित रोगों की रोकथाम और परामर्श में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।कार्यशाला के समापन सत्र में जिला क्षय रोग अधिकारी द्वारा HIV/AIDS सेक्टर में कार्यरत कर्मचारियों, MOICs और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रक्त कोष अधिकारी पी के त्यागी, महिला चिकित्सालय की CMS, CHC और PHC से MOIC, टीबी विभाग से विप्रा, साहबान उल हक, संजीव, DIOS प्रतिनिधि, दिशा क्लस्टर टीम से CPM अमित कुमार, CSO ममता चौधरी, DMDO संदीप, ART स्टाफ, नर्सिंग अधिकारी इंदु गर्ग, परामर्शदाता चंचल सैनी, ORW मोहित करणवाल व दीपक कुमार, TI NGO स्टाफ, ICTC, फैमिली प्लानिंग परामर्शदाता, स शक्ति टीम, आशा और ANM सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में वस्तुओं का प्रबंध संजीव शर्मा द्वारा किया गया।















