पुरकाजी में राजकीय इंटर कॉलेज निर्माण की मांग तेज, चेयरमैन जहीर फारुकी ने शिक्षा मंत्री से की मुलाकात

मुजफ्फरनगर।पुरकाजी क्षेत्र में सरकारी शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को बेहतर शिक्षा का अवसर दिलाने की मुहिम लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुरकाजी नगर पंचायत चेयरमैन जहीर फारुकी ने माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी से मुलाकात कर क्षेत्र में राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना का मुद्दा मजबूती से उठाया। चेयरमैन ने मंत्री को अवगत कराया कि पुरकाजी जैसे महत्वपूर्ण कस्बे में अब तक कोई राजकीय इंटर कॉलेज नहीं है, जिसके कारण ग्रामीण और गरीब परिवारों के बच्चे उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। कई छात्र-छात्राओं को दूरदराज के क्षेत्रों में शिक्षा के लिए जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक और सुरक्षा संबंधी समस्याएँ उत्पन्न होती हैं।

चेयरमैन जहीर फारुकी ने बताया कि वह स्वयं इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक परियोजना के लिए आगे आए हैं और कॉलेज निर्माण हेतु अपने निजी स्वामित्व की करीब 8 बीघा भूमि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इस जमीन का बैनामा कराया जा चुका है और उसके दस्तावेज जिलाधिकारी को सौंप दिए गए हैं। जिलाधिकारी द्वारा इस प्रस्ताव को शासन को भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। चेयरमैन ने इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के विकास की नींव होती है और पुरकाजी जैसे घनी आबादी वाले इलाके में सरकारी कॉलेज का स्थापित होना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने मंत्री को बताया कि पुरकाजी क्षेत्र में कई गरीब और मजदूर वर्ग के परिवार निवास करते हैं, जिनके बच्चे संसाधन और साधन के अभाव में उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते। निजी कॉलेजों की ऊंची फीस उनके सामर्थ्य से बाहर है, जिसके चलते अनेक बच्चे 8वीं और 10वीं कक्षा के बाद आगे की पढ़ाई छोड़ देते हैं। यह स्थिति न केवल बच्चों के भविष्य पर असर डालती है, बल्कि समाज विकास में भी बाधा बनती है।

मंत्री गुलाब देवी ने चेयरमैन की इस पहल की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि शासन स्तर पर इस प्रस्ताव का गंभीरता से संज्ञान लिया जाएगा और उचित प्रक्रिया के तहत जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। चेयरमैन जहीर फारुकी ने कहा कि यदि सरकार इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाती है तो हजारों छात्र-छात्राओं के सपनों को नई उड़ान मिल सकेगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कदम क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पहल साबित होगा। कई नागरिकों ने चेयरमैन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसा योगदान बहुत कम लोग कर पाते हैं। जनता को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही पुरकाजी में राजकीय इंटर कॉलेज की सौगात देगी और लंबे समय से उठ रही यह मांग पूरी होगी।

पुरकाजी व आसपास के क्षेत्रों में इस खबर के फैलते ही लोगों में उत्साह और उम्मीद की लहर दिखाई दे रही है। सभी की यही मांग है कि सरकार जल्द से जल्द मंजूरी देकर कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाए ताकि गरीब और जरूरतमंद छात्रों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts