मुजफ्फरनगर। मेरठ जोन और सहारनपुर परिक्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मुजफ्फरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोलीकांड में वांछित तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद के दौरान एक पक्ष ने दीपांशु पुत्र हरेंद्र (करीब 35 वर्ष) को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गंभीर घटना को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
शनिवार सुबह संयुक्त पुलिस टीम को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी थार वाहन से भाग रहे हैं। पुलिस ने संदिग्ध वाहन का पीछा किया। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की दूसरी टीम को सूचना देकर बुढ़ाना मोड़ पर बैरियर लगाया गया। थार सवार आरोपियों ने बैरियर तोड़कर फरार होने का प्रयास किया और पुलिस पर लगातार फायरिंग करते रहे। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद आरोपियों की थार का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गया। इसके बाद आरोपी जंगल की ओर भागने लगे और पुलिस पर गोलीबारी जारी रखी। पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने नहीं माना और फायरिंग जारी रखी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी गोली लगने से घायल हुए, जबकि तीसरे को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और थार वाहन नंबर यूपी 12 बीवी 7834 बरामद किया है। घायल आरोपियों को पुलिस सुरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की अतिरिक्त टीमें तैनात कर दी गई हैं। अधिकारियों के अनुसार अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं ग्रामीणों में पुलिस की इस तत्परता से राहत की भावना दिखी। पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
















