मुजफ्फरनगर में प्रत्येक रविवार को आयोजित किए जा रहे मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता तथा स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जसोई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गालिबपुर, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोपाड़ा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जड़ौदा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, मरीजों के पंजीकरण, दवा वितरण प्रणाली, टीकाकरण सेवाओं, पैथोलॉजी जांच, साफ-सफाई और मरीजों की सुविधाओं की स्थिति का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर मौजूद मरीजों से भी बातचीत कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य मेलों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई बनाए रखने, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों के साथ संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी प्रदान की जाए। इसके अलावा उन्होंने टीकाकरण अभियान एवं जांच सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया।अंत में डॉ. सुनील तेवतिया ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराकर अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।















