मुजफ्फरनगर में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने थाना तितावी स्थित मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, महिला हेल्प डेस्क, अभिलेखों और मिशन शक्ति अभियान से जुड़ी गतिविधियों का गहन अवलोकन किया। इस दौरान थाना स्तर पर महिलाओं की शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की गई।
निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक अपराध ने थाना तितावी में नियुक्त नवांतुक पुरुष एवं महिला आरक्षियों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने आरक्षियों से उनकी ड्यूटी, प्रशिक्षण और कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें कानून व्यवस्था के साथ-साथ महिला सुरक्षा संबंधी मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला अपराधों के मामलों में पुलिसकर्मियों का व्यवहार सहानुभूतिपूर्ण और जिम्मेदार होना चाहिए ताकि पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता और न्याय मिल सके।
इन्दु सिद्धार्थ ने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित एंटी रोमियो टीमों की गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने विद्यालयों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर चलाए जा रहे चेकिंग एवं जागरूकता अभियानों की जानकारी लेते हुए टीमों को नियमित रूप से सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर लगातार भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जाए तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक अपराध ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि आमजन, विशेषकर महिलाओं और पीड़ित व्यक्तियों के साथ विनम्र, संयमित और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का आचरण ही जनता के बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करता है। इसलिए प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उसका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान थाना तितावी के प्रभारी प्रमोद कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने तथा महिला सुरक्षा को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत करने का भरोसा दिलाया।















