मुजफ्फरनगर में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जन-जागरूकता एवं जन-आक्रोश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ईदगाह के सामने प्रेमपुरी चौराहे पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और कांग्रेस, समाजवादी पार्टी तथा इंडी गठबंधन के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में नारेबाजी की तथा विपक्षी दलों पर महिला हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में महिलाओं के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने अपनी आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप रहीं, जबकि अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कविता सैनी ने की। संचालन जिला महामंत्री विमल चौहान ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का कार्य लगातार किया जा रहा है, जबकि विपक्षी दल महिला आरक्षण और महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर केवल राजनीति कर रहे हैं।
मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि आज देश की मातृशक्ति पूरी तरह जागरूक हो चुकी है और महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा तथा स्वाभिमान पर किसी प्रकार का आघात अब सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर अपनी महिला विरोधी मानसिकता उजागर की है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर की महिलाएं लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देने के लिए सड़कों पर उतरी हैं और महिलाओं का उमड़ा जनसमर्थन यह साबित करता है कि अब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर अन्याय के खिलाफ एकजुट हो रही हैं।
धरना-प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष कविता सैनी के नेतृत्व में जनसंपर्क अभियान भी चलाया और लोगों को नारी शक्ति वंदन अधिनियम की जानकारी दी। कविता सैनी ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में बड़ा बदलाव साबित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में देखते हैं, जबकि भाजपा महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में अंजली चौधरी, जोगेंद्र गुर्जर, विशाल गर्ग, रेणु गर्ग, विनीत ठाकुर, ममता अग्रवाल, आंचल तोमर और श्वेता कौशिक सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।















