मुजफ्फरनगर के सदर ब्लॉक स्थित माखियाली गांव में उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने गांव का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गांव में घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया और उनकी स्वास्थ्य समस्याओं, आवश्यकताओं तथा गांव में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने सीएमओ को मौसमी बीमारियों, बुखार, बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और साफ-सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के बारे में अवगत कराया। डॉ. तेवतिया ने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने और बच्चों व बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग माखियाली गांव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विशेष सर्वे कराया जाएगा, जिसके माध्यम से प्रभावित लोगों की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता प्रत्येक ग्रामीण तक समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है ताकि किसी भी व्यक्ति को इलाज के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े। डॉ. सुनील तेवतिया ने जानकारी दी कि बुधवार को गांव में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजी जाएगी, जहां विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में ग्रामीणों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की जाएगी, आवश्यक दवाइयों का वितरण होगा तथा जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर भी किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर अपनी जांच कराएं और स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे सर्वे कार्य में पूरा सहयोग दें, ताकि गांव में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके।























































