मुजफ्फरनगर में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर खतौली विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव सोमपाल सिंह कोरी द्वारा किया गया। बैठक में आगामी चुनावों, संगठन की मजबूती तथा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा चुनाव आयोग के संरक्षण में सत्ता का दुरुपयोग कर चुनाव जीतने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर परिस्थिति में संघर्ष करने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक सेक्टर में पार्टी की ओर से पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, जो चुनावी गतिविधियों की निगरानी करेंगे और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाएंगे।
बैठक में प्रदेश सचिव चौधरी इलम सिंह गुर्जर, खतौली विधानसभा अध्यक्ष सत्यदेव शर्मा तथा नगर अध्यक्ष हाजी वसीम सिद्दीकी ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए समाज पूरी मजबूती के साथ बूथ स्तर पर सक्रिय है और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में एकजुट होकर कार्य करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन, जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नीटू, जिला उपाध्यक्ष गोल्डी अहलावत, रविकांत त्यागी, पंकज सैनी, यशपाल सिंह, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष अब्दुल्ला कुरैशी, फिरोज अंसारी, काजी इरफान, अभिषेक गोयल, जावेद सोल्जर, बालमुकुंद ग्रेड, टीटू वालिया, हरिओम सैनी, हाजी इकबाल, अरशद मलिक, गजेंद्र प्रधान, तन्नू कुरैशी, शेखर गुर्जर, ताजुद्दीन सैयद और दानिश काजी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।















