मुजफ्फरनगर में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों संग बैठक, 6 फरवरी तक दावे-आपत्तियां आमंत्रित

मुजफ्फरनगर जनपद की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी मान्यताप्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत अब तक जनपद में प्राप्त फार्म-6, फार्म-6ए, फार्म-7 एवं फार्म-8 से संबंधित अद्यतन जानकारी साझा की गई।

बैठक के दौरान बताया गया कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने कार्यकर्ताओं और आम मतदाताओं को जागरूक करें, ताकि पात्र मतदाता समय रहते अपने फार्म भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फार्म भरते समय मतदाता अपना मोबाइल नंबर अवश्य दर्ज करें, जिससे आवश्यक सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।

विशेष रूप से फार्म-7 के संबंध में बताया गया कि इसे भरते समय आवेदक को अपना मोबाइल नंबर और पहचान पत्र संख्या अनिवार्य रूप से अंकित करनी होगी, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या विवाद की स्थिति में सत्यापन आसानी से किया जा सके। इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों को फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 में आवेदन करने वाले आवेदकों की संकलित सूचियां उपलब्ध कराई गईं। ये सूचियां प्रारूप-9, प्रारूप-10, प्रारूप-11, प्रारूप-11ए और प्रारूप-11बी के अंतर्गत विधानसभावार दी गईं, जिससे राजनीतिक दल अपने स्तर पर भी निगरानी और सत्यापन कर सकें।बैठक में मतदेय स्थलों पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों की सूची भी राजनीतिक दलों को सौंपी गई, ताकि आवश्यक समन्वय स्थापित किया जा सके और पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है, इसलिए इस अभियान में सभी का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में बहुजन समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी), जिला कांग्रेस पार्टी एवं आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी दलों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।इसके अलावा मतदाताओं को यह भी जानकारी दी गई कि वे निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.ceouttarpradesh.nic.in पर “Search Your Name Electoral Roll” विकल्प पर क्लिक कर अपने नाम और विवरण की पुष्टि कर सकते हैं। इसके साथ ही https://voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी मतदाता सूची में अपना नाम देखा जा सकता है। मोबाइल उपयोगकर्ताओं के लिए Voter Help Line ऐप डाउनलोड कर सभी संबंधित सेवाएं घर बैठे प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts