मुंबई से दिल्ली आ रही इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी,

मुंबई से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 762 में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एयरलाइन को विमान में बम होने की धमकी मिली। इस उड़ान में लगभग 200 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। धमकी की जानकारी मिलते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।

एयरपोर्ट अथॉरिटी और सीआईएसएफ की टीमों ने तत्काल स्थिति पर नियंत्रण संभाला। फ्लाइट के दिल्ली पहुंचने से पहले ही एयरपोर्ट पर बम थ्रेट रिस्पॉन्स सिस्टम सक्रिय कर दिया गया। विमान के लैंड करते ही उसे अलग पार्किंग बे में ले जाया गया, जहां सुरक्षा कर्मियों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और विमान की गहन जांच शुरू की।

इस बीच, सभी यात्रियों की स्कैनिंग और लगेज की जांच की गई। विमान की सुरक्षा जांच में डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल टीम को भी शामिल किया गया। एयरपोर्ट पर आपातकाल की स्थिति को देखते हुए अन्य विमानों की आवाजाही पर भी अस्थाई प्रभाव पड़ा।

फिलहाल धमकी की पुष्टि नहीं हो सकी है और माना जा रहा है कि यह शरारती कॉल भी हो सकती है। सुरक्षा एजेंसियां कॉल के स्रोत और कॉल करने वाले की पहचान में जुटी हैं। एयरपोर्ट पर स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है और सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है।

यह पहली बार नहीं है जब किसी एयरलाइन को बम धमकी का सामना करना पड़ा हो। हाल के दिनों में कई बड़ी एयरलाइनों को ऐसे धमकी भरे कॉल मिल चुके हैं, जिनके चलते यात्रियों और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रहना पड़ा है। इस घटना ने एक बार फिर हवाई सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts