राजगढ़ थाना क्षेत्र में अपहरण की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते 10 दिनों में यह दूसरा मामला है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ताजा मामला रविवार को सामने आया, जब खरखड़ा निवासी बबलूराम पुत्र नानगराम मीना ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसके 21 वर्षीय बेटे आकाश मीना का अपहरण कर लिया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, आकाश 15 जून को अपनी नई बाइक से ढिगावड़ा मजदूरी के पैसों के सिलसिले में गया था। वह वहां थानाराजाजी निवासी विक्रम मीना के परिचित के पास कंक्रीट का कार्य करता था। परिजनों के मुताबिक आकाश सुबह घर से गया और शाम तक नहीं लौटा। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए आकाश के मोबाइल से संपर्क कर तीन लाख रुपये की फिरौती की मांग की। कॉल करने वाले ने धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो आकाश की हत्या कर दी जाएगी।
परिजनों को आशंका है कि आकाश का अपहरण फिरौती के इरादे से किया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले हुए अपहरण के मामले का खुलासा पुलिस पहले ही कर चुकी है, लेकिन दोबारा ऐसी घटना से इलाके में भय का वातावरण बना हुआ है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है और युवक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।















