अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2025: सशक्तिकरण और सम्मान का भव्य आयोजन

मुजफ्फरनगर में पुलिस मॉडर्न स्कूल, पुलिस लाइन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2025 के अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया के निर्देशन में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में लाडली रक्षा अभियान के तहत आत्मरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस और विशेषज्ञ मार्शल आर्ट्स कोच राखी तथा ब्लैक बेल्ट कन्हैया द्वारा लड़कियों को आत्मरक्षा की महत्वपूर्ण तकनीकें सिखाई गईं।

सशक्तिकरण चित्र प्रदर्शनी के अंतर्गत महान महिलाओं की उपलब्धियों को दर्शाने वाली आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। स्थानीय चित्रकार सीमा त्यागी और नवोदित चित्रकार रितिका पाल ने महिलाओं पर केंद्रित पेंटिंग तैयार कर प्रदर्शनी को और भी विशेष बनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अपराध प्रशांत कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल चौबे एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया, जो बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के 10 साल बेमिसाल अभियान के अंतर्गत रखा गया। इसमें मार्शल आर्ट्स कोच राखी सूर्यदेव, प्रतिष्ठित चित्रकार सीमा त्यागी और नवोदित चित्रकार रितिका पाल को उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, प्रतिष्ठित समाजसेवी आशा जैन, पूर्णिमा कांबोज, मुक्ता वर्मा और रेनू गुप्ता को धन्यवाद पत्र भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।

पुलिस मॉडर्न स्कूल की प्रधानाचार्या सुधा शर्मा ने उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के आयोजन में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार और संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts