मुजफ्फरनगर के डॉ. दानिश खान ने नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में जीता गोल्ड,

मुजफ्फरनगर। नई दिल्ली में आयोजित 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में मुजफ्फरनगर के निशानेबाज डॉ. दानिश खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। 21 नवंबर को डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित मास्टर मेन इंडिविजुअल स्कीट स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में दानिश खान ने 29 निशाने साधकर पहला स्थान हासिल किया। तेलंगाना के जे. जयेशचंद 27 निशानों के साथ दूसरे और दिल्ली के सैयद हम्माद मीर 25 निशानों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। फाइनल में आठ निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। दानिश ने क्वालिफिकेशन राउंड में 125 में से 109 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया था।

इसके बाद फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। डॉ. दानिश खान पेशे से ऑर्थोपेडिक्स सर्जन हैं और मुजफ्फरनगर में अपना निजी क्लीनिक संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 1990 से शूटिंग का सफर शुरू किया था और पिछले 36 वर्षों में उन्होंने कभी स्टेट चैंपियनशिप नहीं छोड़ी। पिछले 20 वर्षों से लगातार नेशनल चैंपियनशिप में भी प्रतिभाग कर रहे हैं। शूटिंग के जुनून के चलते उन्हें करीब साढ़े 300 किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली जाना पड़ता है। वहां से रात करीब 12 बजे लौटने के बाद वह अपने क्लीनिक की जिम्मेदारी भी संभालते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक सैकड़ों पदक जीत चुके हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय स्वर्ण, दो कांस्य और आठ इंडियन ओपन के पदक शामिल हैं। दानिश खान का सपना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का नाम रोशन करना और ओलंपिक पोडियम पर खड़े होकर राष्ट्रगान सुनना है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को संदेश दिया कि दिल और लगन से मेहनत की जाए तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts