सूबे के पथ निर्माण मंत्री सह क्षेत्रीय विधायक इं. शैलेंद्र ने कहा है कि 4,849.83 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली आधुनिक सड़क परियोजना से भागलपुर की विकास यात्रा को गंगा किनारे नई रफ्तार मिलेगी।बुधवार को बिहपुर स्थित एनडीए कार्यालय में पत्रकारों व कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए मंत्री ने बताया कि मुंगेर, अजगैवीनाथ (सुल्तानगंज), भागलपुर और सबौर के बीच गंगा के किनारे एक आधुनिक सड़क कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लंबाई 40.80 किलोमीटर होगी। मंत्री इं. शैलेंद्र ने कहा कि इस आधुनिक सड़क के निर्माण से भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। साथ ही यह सड़क क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार और भागलपुर के सर्वांगीण विकास को एक नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगी।
अमरपुर स्वास्थ्य केंद्र में चहारदीवारी निर्माण का भूमिपूजन
एनडीए कार्यालय में बैठक के उपरांत मंत्री इं. शैलेंद्र ने बिहपुर प्रखंड अंतर्गत अमरपुर स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने चहारदीवारी निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन व शिलान्यास किया। इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा और स्वच्छता के लिए बाउंड्री वॉल का होना अत्यंत आवश्यक था।
चहारदीवारी का निर्माण पूरा होने से स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ समीप स्थित पंचायत सरकार भवन और ऐतिहासिक शिव मंदिर परिसर भी पूरी तरह सुरक्षित व स्वच्छ रहेगा। इससे स्वास्थ्य केंद्र के परिसर प्रबंधन को मजबूती मिलेगी और स्थानीय ग्रामीणों व मरीजों को अधिक व्यवस्थित और गरिमापूर्ण वातावरण में चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
जनसुविधाओं का विस्तार ही सर्वोच्च प्राथमिकता
भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि मंत्री इं. शैलेंद्र क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जनसुविधाओं के विस्तार के संकल्प के साथ लगातार धरातल पर कार्य कर रहे हैं। विकास कार्यों की इसी कड़ी में स्वास्थ्य और सड़क कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दी जा रही है।
गंगा किनारे आधुनिक सड़क परियोजना
- परियोजना का नाम: मुंगेर-अजगैवीनाथ-भागलपुर-सबौर गंगा रिवरफ्रंट/तटीय सड़क परियोजना।
- कुल लंबाई: 40.80 किलोमीटर।
- स्वीकृत लागत: 4,849.83 करोड़ रुपये।
- रूट कनेक्टिविटी: मुंगेर-अजगैवीनाथ धाम (सुल्तानगंज)-भागलपुर शहर-सबौर।
- मुख्य उद्देश्य: जाम से मुक्ति, सुगम यात्रा, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा और गंगा तटीय क्षेत्र का समग्र विकास।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र की चहारदीवारी निर्माण के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर उत्तम कुमार, शहद उत्पादक किसान संजय कुमार चौधरी, पैक्स अध्यक्ष प्रिंस कुमार गोलू, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि बमबम, अवधेश सनगही, जितेंद्र सनगही, रंजन चौधरी, सुबोध चौधरी, नरेश पंडित, रामबालक, दीपक चौधरी, विपुल कुमार और मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व एनडीए कार्यकर्ता उपस्थित थे।















