केरलम में एक 17 साल की लड़की की किडनी ब्यूटी क्रीम के इस्तेमाल से खराब हो गई. दावा है कि लड़की जिस क्रीम का इस्तेमाल करती थी, उसमें बहुत अधिक मात्रा में पारा मौजूद था. अब पुलिस ने कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने सोमवार को बताया कि स्किन क्रीम के इस्तेमाल से उग्रापुरम की रहने वाली लड़की को किडनी खराब होने समेत कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो गईं.पुलिस ने मामले में जो एफआईआर दर्ज की है, उसके मुताबिक, लड़की ने इंस्टाग्राम पर क्रीम का विज्ञापन देखा था. इस ‘एफ ट्यून’ (F Tune) नामक क्रीम के विज्ञापन में दावा किया गया था कि इससे चेहरे के मुहांसे और दाग-धब्बे दूर हो जाएंगे और त्वचा चमकदार हो जाएगी.
विज्ञापन देखकर खरीदी क्रीम
लड़की ने विज्ञापन से प्रभावित होकर क्रीम खरीद ली थी. उसने इस्तेमाल करना शुरू किया. आरोप लगाया गया है कि इस क्रीम में बहुत अधिक मात्रा में पारा था, जो इंसानी सेहत के लिए हानिकारक है.आरोप है कि इसके खतरों के बारे में जानते हुए भी कंपनी ने क्रीम में इसकी मिलावट की थी. अब क्रीम के इस्तेमाल से लड़की को किडनी खराब होने जैसी गंभीर समस्याएं हुईं और उसके इलाज में लगभग एक लाख रुपये का खर्च आया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
लड़की की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर लिया. क्रीम बनाने वाली कंपनी को मामले में आरोपी बनाया गया है और भारतीय न्याय संहिता, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट और केरल पुलिस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने रविवार को पूरे राज्य में नकली कॉस्मेटिक्स और प्रोटीन पाउडर की जांच का आदेश दिया है. मंत्री ने कहा कि बिना मंजूरी वाले ऐसे ब्यूटी और हेल्थ प्रोडक्ट पाकिस्तान और मंगलुरु-कासरगोड इलाके से आ रहे हैं.
सिंगर सलीम कोडाथूर ने भी लगाए आरोप
ब्यूटी प्रोडक्ट्स का शिकार केवल आम लोग ही नहीं हैं. सिंगर सलीम कोडाथूर ने भी दावा किया है कि स्किन-लाइटनिंग (त्वचा गोरी करने वाली) क्रीम के इस्तेमाल से उन्हें किडनी की एक बीमारी—मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी—हो गई थी.सिंगर ने बताया कि करीब 10 साल पहले उन्हे यह बीमारी हुई थी. कई महीनों तक उनका इलाज चला था. डॉक्टरों का कहना है कि क्रीम से इस्तेमाल से शरीर में पारे की मात्रा बहुत अधिक हो जाती है.















