150 करोड़ का ऑनलाइन सट्टा गिरोह पकड़ा, 3 गिरफ्तार

अलवर पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट और सट्टेबाजी से जुड़े एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सॉफ्टवेयर इंजीनियर समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के जरिए करीब 150 करोड़ रुपये का अवैध लेनदेन किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 एंड्रॉयड मोबाइल, 2 लैपटॉप, एक हार्ड ड्राइव, 15 एटीएम कार्ड और एक एसयूवी जब्त की है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महादेव सट्टेबाजी एप की तर्ज पर खुद की वेबसाइट बनाकर सट्टा चला रहे थे। अब तक इन्होंने 30 से अधिक वेबसाइट तैयार की थीं, जिनके जरिए क्रिकेट, आईपीएल, मटका, कसीनो जैसे खेलों पर सट्टा खिलाया जा रहा था। इन वेबसाइट्स पर 60,000 से अधिक ID सक्रिय पाई गईं, जिनमें सबसे अधिक उत्तरप्रदेश में उपयोग हो रही थीं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह ने बताया कि साइबर सेल को गोपनीय सूचना मिलने के बाद एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में उद्योग नगर थानाधिकारी और साइबर सेल की संयुक्त भागीदारी रही। तकनीकी निगरानी और सटीक कार्रवाई के चलते तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके नाम हैं नितिन पालीवाल, महेश शर्मा और पीयूष शर्मा।

जांच में सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टमाइंड नितिन पालीवाल है, जिसने कोरोना काल में बेरोजगार होने के बाद 2021 में यह सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म शुरू किया था। बाद में महेश और पीयूष उससे जुड़ गए और वेबसाइट का प्रचार-प्रसार, लेनदेन और नेटवर्क विस्तार का कार्य संभालने लगे।

आरोपियों ने सट्टेबाजी से कमाए गए पैसों से अलवर में “डग आउट स्पोर्ट्स क्लब” की स्थापना की और हाल ही में 2500 वर्गगज का एक बड़ा प्लॉट भी खरीदा है। इसके अलावा, शालीमार क्षेत्र में इनका एक फ्लैट होने की जानकारी भी सामने आई है।

फिलहाल आरोपियों को 6 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने इनकम टैक्स विभाग सहित अन्य एजेंसियों को सूचना देकर जांच तेज कर दी है। संभावना है कि यह गिरोह एक बड़े अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ा हुआ है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts