मकान निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, परिजनों ने ठेकेदार पर लगाया लापरवाही का आरोप

राजगढ़ (अलवर)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के माचाड़ी गांव में  मकान निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक का नाम कमल सैनी था, जो चिनाई का कार्य करता था। कार्य करते समय ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आने से उसे करंट लग गया। गंभीर हालत में एम्बुलेंस की मदद से उसे राजगढ़ चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया। इससे गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया और ठेकेदार को बुलाने की मांग करने लगे। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के सामने स्टेशन मार्ग पर कई बार जाम लगाया और ठेकेदार के भाई के साथ मारपीट कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

सूचना मिलने पर डीएसपी मनीषा मीना, राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीना और रैणी थानाधिकारी रामजीलाल मीना मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत किया। करीब पांच घंटे की वार्ता के बाद कमल सैनी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।

थानाधिकारी राजेश मीना ने बताया कि इस संबंध में मृतक के पिता गिल्याराम सैनी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts