बॉलीवुड में पॉप, इंडियन और चटपटे गानों की भरमार के बीच सूफी संगीत का अपना अलग ही मुकाम है। सूफी गानों की खासियत यह है कि इनके बोल सीधे दिल को छूते हैं और श्रोताओं को भावनाओं की एक अलग दुनिया में ले जाते हैं। यही वजह है कि सूफी संगीत पसंद करने वाले दर्शकों और श्रोताओं का एक अलग वर्ग है। इन दिनों मशहूर सूफी गायक सतिंदर सरताज का गाना ‘गुजारिश’ संगीत प्रेमियों के बीच खूब लोकप्रिय हो रहा है। करीब दो महीने पहले रिलीज हुआ यह गाना अब भी यूट्यूब ग्लोबल चार्ट पर नंबर वन पर ट्रेंड कर रहा है। गाने को अब तक 107 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है।
‘गुजारिश’ की सबसे चर्चित पंक्ति ‘हमें चिट्ठियां मिली हैं माहताब से, कोई बच नहीं पाएगा शबाब से’ श्रोताओं के दिलों को खास तौर पर आकर्षित कर रही है। इस गीत की सबसे बड़ी खूबी यह है कि सतिंदर सरताज ने इसे अपनी आवाज देने के साथ-साथ इसके बोल भी खुद लिखे हैं और इसकी धुन भी तैयार की है। पंजाबी गीत होने के बावजूद इसमें उर्दू के खूबसूरत और साहित्यिक शब्दों का शानदार इस्तेमाल किया गया है, जो इसे दूसरे गीतों से अलग पहचान देता है। गीत में मोहब्बत को केवल आकर्षण या मुलाकात तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इसे एक गहरे भावनात्मक और आध्यात्मिक रिश्ते के रूप में प्रस्तुत किया गया है। गोल्डी सोहल ने इस गीत का निर्माण किया है, जबकि टी-सीरीज ने इसे अपने बैनर तले रिलीज किया है। सतिंदर सरताज इससे पहले भी ‘सज्जन राजी’, ‘उड़ारियां’, ‘मासूमियत’, ‘रंगरेज’, ‘चेहरियां दा नूर’, ‘इश्के दा सुत्ता’, ‘जिंदगी की किताब’ और ‘हीर’ जैसे लोकप्रिय गीतों से संगीत प्रेमियों के बीच अपनी खास पहचान बना चुके हैं। ‘गुजारिश’ की लोकप्रियता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अच्छे बोल, मधुर संगीत और दिल से निकली आवाज को पसंद करने वालों की कमी नहीं है।















