निमोनिया में शरीर में कौन सी दिक्कतें होने लगती हैं?

हर साल 12 नवंबर के दिन विश्व निमोनिया दिवस (World Pneumonia Day) मनाया जाता है. इस दिन को मनाने का मकसद निमोनिया के प्रति लोगों को जागरुक करना और इससे जुड़ी सही जानकारी सभी तक पहुंचाना है. निमोनिया एक तरह का फेफड़ों का इंफेक्शन है जो वायरस या बैक्टीरिया की वजह से होता है. इंफेक्शंस से होने वाली मौतों में निमोनिया भी शामिल है. यह ज्यादातर 5 साल से छोटे बच्चों और 65 साल से बड़े बुजुर्गों को होने वाला इंफेक्शन है. ऐसे में AIIMS, नई दिल्ली के पल्मोनरी डिपार्टमेंट के असोसिएट प्रोफेसर डॉ. सौरभ मित्तल बता रहे हैं निमोनिया के क्या लक्षण होते हैं, इसका क्या इलाज है और इससे किस तरह बचकर रहा जा सकता है.

निमोनिया के क्या लक्षण होते हैं

निमोनिया होने पर खांसी होने लगती है, बलगम आता है, बुखार आ सकता है. निमोनिया में बुखार तेज आता है और 4-5 दिनों में बढ़ जाता है.बच्चों को अगर निमोनिया हो जाए तो उनमें पसलियों का चढ़ना या सांसों का तेज होना ऐसे संकेत हैं जो बताते हैं कि बच्चे को फेफड़ों का इंफेक्शन (Lung Infection) या निमोनिया हो रहा है.

निमोनिया को कैसे पहचानें

अगर निमोनिया के लक्षण नजर आने लगे हैं तो डॉक्टर को दिखाना और जांच करवाना जरूरी है. एक्सरे और बलगम की जांच से पता चल जाता है कि निमोनिया है या नहीं. इसके बाद डॉक्टर की सलाह से इलाज शुरू होता है.

निमोनिया से कैसे बचा जा सकता है

निमोनिया से बचने के लिए सबसे जरूरी है टीका लगवाना. इंफ्लुएंजा या फ्लू और निमोकोकल वैक्सीन लगवाने पर निमोनिया का खतरा कम होता है. क्रोनिक डिजीज से पीड़ित लोगों, बच्चों और बड़ों को यह टीका लगाया जाता है जिससे निमोनिया से बचा जा सके.अगर बच्चे को कोई क्रोनिक डिजीज है, दिल की बीमारी है, फेफड़ों की बीमारी है, लिवर की बीमारी है या ऐसी ही कोई गंभीर बीमारी है तो उसमें निमोनिया होने की संभावना बढ़ जाती है. ऐसी स्थिति में डॉक्टर से बात करके निमोनिया से कैसे बचें यह पूछा जा सकता है.भीड़भाड़ वाली जगह पर मास्क लगाकर जाना, धूल-मिट्टी से बचना, हाथ धोना और अपने खाने-पीने का ध्यान रखना जरूरी है. हेल्दी फूड खाने पर फोकस करना, मोटापे और कुपोषण से बचना और एक्सरसाइज वगैरह करना जरूरी है जिससे फेफड़ों में होने वाली दिक्कतों से बचा जा सके.बुजुर्गों में फेफड़ों और दिल की बीमारियों का खतरा रहता है जिससे उनमें निमोनिया होने की संभावना बढ़ जाती है. ऐसे में इन बाकी बीमारियों का सही तरह से इलाज कराना जरूरी है जिससे निमोनिया से बचकर रहा जा सके.

क्या निमोनिया से मौत हो सकती है

निमोनिया का इलाज (Pneumonia Treatment) अगर समय पर ना किया जाए, डॉक्टर के पास समय से ना जाया जाए या मरीज को एंटीबायोटिक दवाएं देना शुरू ना किया जाए तो निमोनिया बढ़ जाता है और मल्टी ऑर्गन फेलियर का कारण बन सकता है. इस वजह से निमोनिया से मौत हो सकती है.

 

 

 

 

अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts