कश्मीर में बर्फबारी शुरू, पीर की गली में जमी 2 इंच बर्फ.

जम्मू-कश्मीर में मौसम ने करवट ले ली है। आज श्रीनगर शहर में हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड बढ़ गई। वहीं, कुपवाड़ा जिले के माछिल क्षेत्र के कटवारी गांव में ताजा बर्फबारी हुई है। शोपियां की पीर की गली में भी बर्फबारी का सिलसिला जारी है। यहां करीब दो इंच ताजा बर्फ जमा हो चुकी है।मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होने की संभावना है।पुंछ और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुपवाड़ा, बांडीपोरा और गांदरबल के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में इस बदलाव से घाटी के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।

दिन के तापमान में 6 से 8 डिग्री तक गिरावट के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, 12 नवंबर की सुबह से दोपहर के बीच मौसम में बदलाव शुरू होगा और इसका प्रभाव 13 नवंबर की देर रात तक बना रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।मौसम के इस बदलाव के चलते दिन के तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है।

भारी बर्फबारी से रास्ते हो सकते हैं बंद

विभाग ने चेतावनी दी है कि ऊंचाई वाले इलाकों और प्रमुख पहाड़ी दर्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है।पहाड़ी सड़कों पर फिसलन और आवागमन में बाधा आने की आशंका को देखते हुए यात्रियों, पर्यटकों और वाहन चालकों को यात्रा की योजना सावधानीपूर्वक बनाने तथा यातायात विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

किसानों के लिए भी एडवाइजरी जारी

मौसम विभाग ने किसानों को 12 और 13 नवंबर के दौरान काटकर तैयार रखी गई फसलों और कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है, ताकि बारिश और बर्फबारी से नुकसान न हो।

14 और 15 नवंबर को हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार

वहीं, 14 और 15 नवंबर को मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 16 से 20 नवंबर तक प्रदेश में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है।

गुलमर्ग में रात का तापमान 0.5 डिग्री

बुधवार को जम्मू में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। घाटी में गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 8.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।श्रीनगर में अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में अधिकतम तापमान 16.2 और न्यूनतम 3.4 डिग्री, कुपवाड़ा में 18.6 और 4.0 डिग्री तथा काजीगुंड में 19.8 और 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कटड़ा में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और भद्रवाह में 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

सुबह-शाम बढ़ने लगा ठंड का अहसास

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अधिकांश क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। हालांकि रात के तापमान में गिरावट के चलते सुबह और देर शाम ठंड का अहसास बढ़ रहा है। गुलमर्ग, पहलगाम और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में सर्दी का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts