ब्रिटेन के परमाणु ठिकानों पर ईरान हमला कर सकता है. यह खुलासा रॉयल मरीन्स के एक ई-मेल से हुआ है. इस ई-मेल के सामने आने के बाद ब्रिटेन ने अपने परमाणु ठिकानों की सुरक्षा बढ़ानी शुरू कर दी है. ठिकानों के चारों ओर स्टील का सुरक्षा घेरा बनाया जा रहा है, ताकि ईरान समर्थित हमलावरों को वहां तक पहुंचने से रोका जा सके. यह तैयारी ऐसे वक्त में शुरू हुई है, जब ईरान ने यूरोप के कुछ ठिकानों पर हमला करने की घोषणा की है.
द डेली मेल ने ब्रिटिश रॉयल मरीन्स के सूत्रों के हवाले से कहा कि ईरान के हमलावर ब्रिटेन के परमाणु ठिकानों पर गोरिल्ला स्टाइल में हमला कर सकते हैं. इसकी तैयारी की सूचना के बाद ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी अलर्ट पर है.
न्यूक्लियर ठिकानों पर ड्रोन हमले का डर
रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटेन को अपने न्यूक्लियर ठिकानों पर ड्रोन हमले का डर सता रहा है. पिछले साल रूस के ठिकानों पर यूक्रेन ने ड्रोन अटैक किया था. इस हमले ने रूस समेत पूरी दुनिया को चौंका दिया था.हाल ही में ईरान के ड्रोन हमले को देखते हुए ब्रिटेन ने मिल्डेनहॉल से US एयरक्राफ्ट को हटा दिया था.इसी डर से ब्रिटेन के डिफेंस चीफ देश भर में अपने बेस पर सिक्योरिटी मजबूत करने के लिए करीब आधा बिलियन पाउंड इन्वेस्ट कर रहे हैं.
सवाल- ईरान से ब्रिटेन क्यों डर रहा है?
1. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने धमकी दी है कि अगर अमेरिका और इजराइल तेहरान पर हमला करता है तो ईरान ब्रिटेन और यूरोप में अमेरिकी ठिकानों पर हमला करेगा. ब्रिटेन अमेरिका के साथ नाटो में शामिल है. यहां पर कई अमेरिकी बेस स्थित है.
2. ईरान से ब्रिटेन की पहुंच अमेरिका की तुलना में आसान है. ब्रिटेन में ईरान के चीफ मुज्तबा खामेनेई की संपत्ति भी है. यहां पर ईरान आसानी से हमला करा सकता है.
3. ईरान के पास छोटे-छोटे ड्रोन और मिसाइल हथियार हैं. इसके जरिए आसानी से हमला किया जा सकता है. इसे स्कैन कर पाना भी आसान नहीं है.















