स्पेन में महंगे मकानों, बढ़ते किराये और रोजमर्रा की चीजों की बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन हिंसक हो गया. बार्सिलोना में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर आग लगा दी और दुकानों के शीशे तोड़ दिए. इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई. पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए बल प्रयोग किया. यह विरोध देश में 14 साल बाद हुई पहली देशव्यापी हड़ताल के दौरान हुआ.स्पेन की दो बड़ी मजदूर यूनियनों UGT और CCOO ने इस हड़ताल का समर्थन किया था. यूनियनों के मुताबिक, करीब 40 लाख कर्मचारियों ने काम बंद रखा. यह देश के कुल कर्मचारियों का लगभग पांचवां हिस्सा है. मैड्रिड, बार्सिलोना समेत कई शहरों में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे. बार्सिलोना में प्रदर्शन के आयोजकों ने करीब 4 लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया. वहीं, स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, प्रदर्शन में 55 हजार लोग शामिल हुए.
73 लोग गिरफ्तार
शुरुआत में प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन मुख्य रैली खत्म होने के बाद कुछ नकाबपोश लोगों ने हिंसा शुरू कर दी. उन्होंने कूड़ेदानों और सड़क पर रखे सामान में आग लगा दी. दुकानों के शीशे तोड़े और पुलिस पर पटाखे फेंके. बार्सिलोना के मेयर जैमे कोल्बोनी ने बताया कि हिंसा के दौरान करीब 50 लोगों को हिरासत में लिया गया और 10 दुकानों को नुकसान पहुंचा. आग बुझाने के लिए दमकल विभाग के करीब 100 कर्मचारियों को लगाया गया. मैड्रिड में भी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए आंसू गैस, मिर्च स्प्रे और फोम के गोले इस्तेमाल किए. देशभर में हड़ताल से जुड़ी घटनाओं में रात तक कम से कम 73 लोगों को गिरफ्तार किया गया.
क्यों सड़कों पर उतरे लोग?
स्पेन में मकानों की कमी और बढ़ते किराये से लोग परेशान हैं. देश में करीब 7.5 लाख घरों की कमी है. अनुमान है कि 2028 तक यह कमी 10 लाख से ज्यादा हो सकती है. स्पेन में एक घर का औसत मासिक किराया 1,176 यूरो है. यह युवाओं की औसत महीने की कमाई का करीब 98.7% है. यानी युवाओं की लगभग पूरी कमाई किराया देने में खर्च हो रही है. यह प्रदर्शन 29 नवंबर को होने वाले आम चुनाव से तीन हफ्ते से भी कम समय पहले हुआ है. ऐसे में महंगाई और घरों की कमी चुनाव में भी बड़ा मुद्दा बन सकती है.















