कोहरे में हादसे रोकने को मंसूरपुर चीनी मिल ने चलाया सड़क सुरक्षा अभियान.

मुजफ्फरनगर। सर्दी के मौसम में कोहरे के कारण होने वाले सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड मंसूरपुर चीनी मिल प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत मिल परिसर में गन्ना लेकर आने वाली बुग्गियों और ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रात में चमकने वाले रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि कोहरे और अंधेरे में वाहन दूर से ही दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

अभियान के अंतर्गत चीनी मिल के उपाध्यक्ष सुधीर कुमार तथा मंसूरपुर थाना प्रभारी विपिन त्यागी, क्राइम इंस्पेक्टर अजय कुमार, एसएसआई बालिस्टर त्यागी, उपनिरीक्षक आशीष पालीवाल और उधम सिंह भाटी ने क्षेत्राधिकारी खतौली रुपाली राव के निर्देशन में मिल चौराहे से शाहपुर मोड़ तक सड़क किनारे और बिजली के खंभों पर रिफ्लेक्टर लगवाए। इसके साथ ही मिल परिसर में गन्ना लेकर आने वाले वाहनों पर भी रिफ्लेक्टर लगाए गए।

मिल प्रशासन ने बताया कि इस अभियान के तहत चीनी मिल में गन्ना लेकर आने वाले प्रत्येक वाहन पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य रात के समय और घने कोहरे में सड़क पर चलने वाले गन्ना वाहनों की दृश्यता बढ़ाना है। अक्सर कोहरे के दौरान पीछे से आने वाले वाहन चालकों को सड़क पर खड़ी या धीमी गति से चल रही बुग्गी और ट्रैक्टर-ट्राली दिखाई नहीं देती, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। रिफ्लेक्टर लगने से वाहन दूर से ही चमकते हुए दिखाई देंगे और चालक समय रहते अपनी गति नियंत्रित कर सकेंगे।

इस अवसर पर थाना प्रभारी विपिन त्यागी ने मिल में गन्ना लेकर आए किसानों और वाहन चालकों को यातायात सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसानों और वाहन चालकों को रात में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। इस दौरान कारखाना प्रबंधक विवस्वान त्रिपाठी, महाप्रबंधक गन्ना उत्तम वर्मा, सुरक्षा अधिकारी गजेंद्र सिंह, रामनिवास मिश्रा, सावन सहित मिल के अधिकारी, कर्मचारी और किसान मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts