मुजफ्फरनगर। साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत एसडी मैनेजमेंट कॉलेज, भोपा रोड में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कॉलेज प्रधानाचार्य एवं स्टाफ ने पुलिस अधीक्षक अपराध तथा साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने छात्र-छात्राओं एवं कॉलेज स्टाफ को साइबर अपराध के विभिन्न प्रकारों, ऑनलाइन ठगी के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी फोन कॉल, व्हाट्सऐप संदेश, संदिग्ध लिंक, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर ठगी, ऑनलाइन निवेश, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक विवरण, पासवर्ड अथवा निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए और ऑनलाइन मिलने वाले आकर्षक ऑफर या निवेश संबंधी संदेशों पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करना चाहिए।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने भी साइबर ठगी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बताईं। उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की धनराशि को रोकने या वापस कराने की कार्रवाई शीघ्र शुरू की जा सकती है। पुलिस अधीक्षक अपराध ने छात्र-छात्राओं से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।















