मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित पूर्वदशम कक्षा 9-10 एवं दशमोत्तर कक्षा 11-12 छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन एसडी इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।कार्यक्रम में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जनप्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मैत्री रस्तोगी ने छात्र-छात्राओं को शासन द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर से अग्रसारित डाटा के सापेक्ष कक्षा 9-10 के सभी वर्गों के 1504 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 35.42 लाख रुपये तथा कक्षा 11-12 के 996 छात्र-छात्राओं के खातों में 25.94 लाख रुपये की धनराशि सीधे भेजी जा चुकी है। इस प्रकार कुल 2500 विद्यार्थियों को 61.36 लाख रुपये की छात्रवृत्ति का लाभ मिला है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने में सहायता प्रदान करना है। अधिकारियों ने बताया कि योजनाओं में पारदर्शिता, समयबद्धता और पात्र विद्यार्थियों तक लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, प्रधानाचार्य सहित शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















