संपूर्ण समाधान दिवस में 24 शिकायतें, चार का मौके पर निस्तारण.

मुजफ्फरनगर। तहसील सदर के सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें विद्युत, भूमि विवाद, नगर पंचायत, राजस्व, पेंशन, सड़क तथा पुलिस-प्रशासन से संबंधित कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर शिकायत की जांच करें और गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतें जिनका निस्तारण संभव नहीं है, उनके संबंध में शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए। उन्होंने सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण किया जाए। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को संदर्भित करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता से शिकायत के निस्तारण के संबंध में फीडबैक लिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वह कार्रवाई से संतुष्ट है। साथ ही मौके की फोटो भी कराई जाए, ताकि निस्तारण की स्थिति का सत्यापन किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाधान दिवस का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है, इसलिए अधिकारी पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार सदर, क्षेत्राधिकारी सदर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts