मुजफ्फरनगर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सपनों का भारत चित्र सेवा’ कार्यक्रम के तहत वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज, नई मंडी में जनपद स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के 40 विद्यालयों की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए अभियान की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के देश सेवा के 25 वर्षों के कार्यकाल और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी आशीष द्विवेदी रहे, जबकि संयोजक भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग ने छात्राओं की चित्रकला की सराहना की। इस दौरान पूर्व सभासद विपुल भटनागर, विकास गुप्ता, पूर्व जिला मंत्री रेनू गर्ग, मंडल अध्यक्ष प्रवीण खेड़ा, अमित शास्त्री, दिनेश गौतम, मनी पट पटिया, मोनाली पवार, हिमानी कक्कड़ और सोनिका धीमान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।निर्णायक मंडल में अनिल कुमार सैनी, प्रवीण कुमार सैनी और डॉ. रितु चावला शामिल रहे। मंच संचालन शैली रंजन ने किया। कला विभाग से सुशीला, अनुपमा और अनीता सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम में सहयोग किया।
जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान एसडी कन्या इंटर कॉलेज की दिव्यांशी, द्वितीय स्थान जेआईएनएस इंटर कॉलेज रवापुर सठेड़ी, खतौली की गौरी और तृतीय स्थान इंटर कॉलेज भोकरहेड़ी की जुबेरिया ने प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में प्रथम एसडी कन्या इंटर कॉलेज की मनस्वी, द्वितीय श्रीदेवी कन्या इंटर कॉलेज खतौली की जोया और तृतीय केएस इंटर कॉलेज बुढ़ाना की मनु रहीं। दोनों वर्गों में पांच-पांच छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमारी ने अतिथियों का आभार जताते हुए विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।















