बांदा। संविधान दिवस के अवसर पर पूरे जनपद में देशभक्ति का माहौल छा गया। पुलिस लाइन से लेकर हर थाने तक, वर्दीधारियों ने एक स्वर में संविधान के आदर्शों पर चलने और देश की एकता-अखंडता को बनाए रखने की शपथ ली। पुलिस लाइन में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने पुलिसकर्मियों को संविधान की उद्देशिका, मौलिक कर्तव्यों और मूल्यों की जानकारी दी। उन्होंने सभी को राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।पुलिस कार्यालय सहित जनपद के सभी थानों पर थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई।
संविधान निर्माताओं के अथक परिश्रम के बाद 26 नवंबर 1949 को संविधान को अंगीकृत किया गया था। भारत सरकार ने वर्ष 2015 में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती पर संविधान दिवस मनाने की घोषणा की। तब से हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य लोगों को संविधान की उद्देशिका, मौलिक अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है।















