शामली। शामली पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शारुख पुत्र मोसीम निवासी ग्राम बरनावी थाना कैराना, जनपद शामली के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को सचिन कुमार पुत्र ब्रजपाल सिंह निवासी ग्राम सेवापुर थाना झिंझाना जनपद शामली किसी कार्य से शामली आए थे। यहां से वह अपने गांव सेवापुर लौट रहे थे। जब वह ग्राम टिटौली स्थित महिंद्रा एजेंसी के पास पहुंचे तो फोन करने के लिए उन्होंने अपनी जेब से ओप्पो ए-16 मोबाइल फोन निकाला। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके हाथ से झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने काफी तलाश की, लेकिन मोबाइल छीनने वाले व्यक्ति का कोई सुराग नहीं लग सका।
इसके बाद पीड़ित सचिन कुमार ने 19 नवंबर 2026 को थाना आदर्श मंडी में प्रार्थना पत्र देकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह ने घटना का शीघ्र खुलासा करने और इसमें शामिल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश थाना आदर्श मंडी पुलिस को दिए थे।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शामली के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना आदर्श मंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल छिनैती की घटना का सफल अनावरण किया। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी शारुख को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया ओप्पो ए-16 मोबाइल फोन बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक शामली द्वारा लूट, चोरी और छिनैती की घटनाओं के खुलासे तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।















