बांदा। एटीएम से रुपये निकालने गए ग्राहकों को चूना लगाने वाले गिरोह का बांदा पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। कोतवाली नगर पुलिस ने शुक्रवार को महोखर बाईपास से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों एटीएम मशीन में फर्जी शटर लगाकर ग्राहकों की नकदी फंसा लेते थे, फिर मौका पाकर उसे निकालकर फरार हो जाते थे। मामला 10/11 नवंबर की रात का है। परशुराम तालाब निवासी वीरेन्द्र कुमार बंगाली पुरा स्थित एटीएम से 15 हजार रुपये निकालने गए थे। पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी कैश बाहर नहीं आया। तभी एक दूसरे ग्राहक ने भी बताया कि उसके 5 हजार रुपये भी इसी तरह फंस गए हैं। दोनों को एटीएम में कुछ गड़बड़ लगी और उन्होंने कोतवाली नगर में शिकायत दी। पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में एएसपी शिवराज के पर्यवेक्षण और सीओ नगर सौरभ सिंह के नेतृत्व में टीम गठित हुई। टीम ने एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो दोनों शातिरों की करतूत कैमरे में कैद मिली। शुक्रवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने महोखर बाईपास से दोनों को घेरकर पकड़ लिया।पूछताछ में दोनों ने पूरा तरीका बताया, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई।
पहले ये एटीएम के कैश निकलने वाली जगह के कवर को प्लास से खोलते थे। फिर टेप और फेवीक्विक से वहां एक नकली शटर चिपका देते थे। ऊपर से कवर को ऐसा चिपकाते थे कि बाहर से मशीन बिल्कुल सही लगती थी। ग्राहक जब रुपये निकालता था, तो नोट मशीन से निकलकर उसी नकली शटर में अटक जाते थे। ग्राहक मशीन खराब समझकर चला जाता था। उसके जाते ही दोनों आरोपी आकर कवर खोलते और फंसी हुई नकदी निकाल लेते थे। पुलिस ने इनके पास से 5,960 रुपये नकद, 1 मोटरसाइकिल, 2 एंड्रॉयड फोन, 5 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा छेड़छाड़ में इस्तेमाल होने वाले प्लास, 3 प्लेट्स, 3 टेप के बंडल, सिल्वर स्प्रे पेंट, 3 रबर, फेवीक्विक, बिजली का टेप और 1 बैग भी मिला है। आरोपी करन पुत्र अशोक निवासी बवारा सवारा, थाना गाजीपुर, जनपद फतेहपुर व अजय पुत्र रामदास निवासी कंचन पुरवा, थाना गाजीपुर, जनपद फतेहपुर का निवासी हैं।















