माइक्रोसॉफ्ट के तकनीकी आउटेज का असर भारत में हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार सुबह स्पाइसजेट ने दिल्ली से संचालित होने वाली तीन उड़ानें रद्द कर दीं। इनमें दिल्ली से पुणे, लेह और मुंबई जाने वाली उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली से दरभंगा और मुंबई जाने वाली स्पाइसजेट की दो उड़ानें भी देरी से रवाना हुईं। तकनीकी खराबी के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, एअर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उसकी उड़ान सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है। एयरलाइन इस तकनीकी समस्या पर लगातार नजर बनाए हुए है।
कंपनी ने बताया कि उसके संचार माध्यम सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। यात्रियों को ईमेल मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए ईमेल ट्रैफिक को अस्थायी रूप से दूसरे माध्यम से भेजने की व्यवस्था की गई है। एअर इंडिया के अनुसार, यात्रियों के ईमेल का जवाब निर्धारित 24 घंटे की समय-सीमा के भीतर दिया जा रहा है। उधर, इंडिगो और अकासा एयर ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर उड़ानों से संबंधित अपडेट पर नजर रखने की अपील की है। दिल्ली हवाई अड्डे ने भी यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस जरूर चेक कर लें, ताकि किसी भी संभावित परेशानी से बचा जा सके।














