दो क्रेडिट कार्ड से ठगों ने खाली किया पैसा.

बाँदा। साइबर ठगों ने एक बार फिर अपना जाल बिछाया और एक व्यक्ति के दोनों क्रेडिट कार्ड से 1,56,189 रुपये उड़ा लिए। पीड़ित को जब तक पता चला, तब तक ठग अपना काम कर चुके थे। पीड़ित ने अब बदौसा थाने में अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बदौसा थाना क्षेत्र के ग्राम तुर्रा निवासी मोहम्मद जैद पुत्र अकबर अली खान के पास एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड हैं। 29 अक्टूबर को ठगों ने पहले उसके एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से 10,000 रुपये निकाले। इसके बाद उसी दिन एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से तीन बार में 51,475 रुपये, 50,445 रुपये और 44,268 रुपये निकाल लिए। इस तरह कुल 1,56,189 रुपये की चपत लग गई। जैद को इस ठगी का पता तब चला जब उसके मोबाइल पर रुपये निकलने के मैसेज आने लगे। मैसेज देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।

इसके बाद 12 नवंबर को उसने बदौसा थाने में जाकर अज्ञात ठगों के खिलाफ तहरीर दी।बदौसा थानाध्यक्ष राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ ऑनलाइन साइबर अपराध / धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच फतेहगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार वर्मा कर रहे हैं। पुलिस अब पता लगा रही है कि ठगों ने किस तरह से कार्ड की जानकारी हासिल की और रुपये कहां ट्रांसफर किए। एसपी पलाश बंसल ने लोगों से अपील की है कि अपना ओटीपी, सीवीवी नंबर और कार्ड की जानकारी किसी को न दें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल से बचें। अगर ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 पर कॉल करें। साइबर थाने में सूचना दे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts