मुजफ्फरनगर। रेशू विहार स्थित रेशू प्रांगण में 13 से 20 नवंबर 2026 तक अनुष्ठान की श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा व्यास आचार्य शांतनु महाराज अपने ओजपूर्ण प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भागवत कथा का महत्व समझाएंगे। वहीं 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर एक कन्या का विवाह भी कराया जाएगा। रेशू परिवार के मुखिया जयप्रकाश गर्ग और सत्यप्रकाश रेशू ने प्रेसवार्ता में बताया कि यह आयोजन माता-पिता, गुरुजनों और शुकतीर्थ के जीर्णोद्धारक स्वामी कल्याण देव की प्रेरणा से किया जा रहा है। कथा का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ भारत को वर्ष 2047 से पहले विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को गति देना है।
उन्होंने बताया कि कथा व्यास आचार्य शांतनु महाराज गोरखनाथ मंदिर गोरखपुर में भी श्रीराम कथा और श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करते हैं। पीएचडी और यूजीसी नेट उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने विदेशी सरकारी नौकरी छोड़कर स्वयं को कथा और धर्म प्रचार के लिए समर्पित कर दिया। कथा का शुभारंभ 13 नवंबर को रेशू विहार रेलवे फाटक स्थित श्री राज दुर्गा मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इसमें 121 महिलाएं बैंड-बाजों के साथ लगभग 125 मीटर की यात्रा कर रेशू प्रांगण पहुंचेंगी। आयोजन में संत-महात्माओं, महामंडलेश्वरों, जगद्गुरुओं, ज्योतिषाचार्यों और विद्वानों को आमंत्रित किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई, जूते-चप्पल रखने और प्रसाद वितरण की व्यापक व्यवस्था की गई है। कथा को पारिवारिक स्वरूप दिया गया है, ताकि समाज के सभी वर्ग इससे जुड़ सकें। प्रेसवार्ता में स्वामी गीतानंद गिरी, महामंडलेश्वर गोपाल दास, पूर्व विधायक अशोक कंसल, पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, ब्रह्माकुमारी बहन बबीता, सपा नेता राकेश शर्मा, सभासद अमित पटपटिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।















