गोवा क्रिकेट एसोसिएशन ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन के लिए अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है, जिसकी कप्तानी अभिवन तेजराणा को सौंपी गई है. लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि महान क्रिकेट सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को इस टीम में जगह नहीं मिली है. अर्जुन 2022-23 सीजन से लगातार गोवा की टीम का हिस्सा रहे थे, लेकिन इस बार चयनकर्ताओं ने उन्हें बाहर रखने का फैसला किया है. इससे पहले वह गोवा के ओमान दौरे पर भी टीम का हिस्सा नहीं थे.
अर्जुन तेंदुलकर को नहीं मिली टीम में जगह
27 वर्षीय अर्जुन तेंदुलकर ने हाल ही में गोवा के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 50 विकेट पूरे किए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें आगामी रणजी ट्रॉफी सीजन के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया. इससे पहले अर्जुन गोवा के ओमान दौरे पर भी टीम का हिस्सा नहीं थे. 2022-23 सीजन से गोवा के लिए खेल रहे अर्जुन ने अपना आखिरी रणजी मुकाबला 2025-26 सीजन में पोरवोरिम में केरल के खिलाफ खेला था. वह विजय हजारे ट्रॉफी में भी गोवा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. हालांकि, अर्जुन को टीम से बाहर रखने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. गोवा क्रिकेट एसोसिएशन या चयनकर्ताओं की ओर से इस फैसले को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
बड़ौदा के खिलाफ अभियान शुरू करेगी गोवा की टीम
रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन में अभिवन तेजराणा गोवा टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे. गोवा की टीम 11 अक्टूबर को पणजी में बड़ौदा के खिलाफ मुकाबले के साथ रणजी ट्रॉफी अपने अभियान का आगाज करेगी. टूर्नामेंट का यह 92वां संस्करण 11 अक्टूबर 2026 से 3 मार्च 2027 तक खेला जाना है. गोवा की टीम को आगामी रणजी ट्रॉफी सीजन के लिए मुख्य कोच दिनेश मोंगिया मार्गदर्शन देंगे. उनके साथ कृष्णा राव बतौर बॉलिंग कोच जिम्मेदारी संभालेंगे. वहीं, प्रकाश मायेनकर सीनियर पुरुष टीम के कोचिंग एवं क्रिकेट ऑपरेशन्स डायरेक्टर होंगे, जबकि अनिल जोगलेकर टीम मैनेजर की भूमिका निभाएंगे. गोवा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश देसाई, सचिव तुलसीदास शेट्ये और पूरी मैनेजिंग कमिटी ने आगामी रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट के लिए टीम को शुभकामनाएं दी हैं.
2026-27 रणजी ट्रॉफी के लिए गोवा की टीम
अभिनव तेजराणा (कप्तान), सुयश प्रभुदेसाई, मंथन खुटकर, ललित यादव, स्नेहल कौथंकर, शिवेंद्र भुजबल, कौशिक वी, शुभम तारि, रूथविक नाइक, दर्शन मिसाल, यश कासवांकर, अमूल्य पंद्रेकर, दीपराज गांवकर, राजशेखर हरिकांत, मोहित रेडकर, फेलिक्स अलेमाओ.
अर्जुन तेंदुलकर का घरेलू क्रिकेट करियर
अर्जुन तेंदुलकर ने साल 2021 में मुंबई की ओर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने घरेलू क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी. हालांकि, एक साल बाद ही वह मुंबई से गोवा की टीम में चले गए. अर्जुन ने 2022-23 सीजन में गोवा के लिए फर्स्ट क्लास और लिस्ट ए क्रिकेट में डेब्यू किया था. उन्होंने अब तक खेले 24 फर्स्ट क्लास मैचों में 3.52 के इकोनॉमी रेट से कुल 52 विकेट हासिल किए हैं. इसके अलावा, उन्होंने बल्ले से 685 रन बनाए हैं. वहीं, अर्जुन के नाम 24 लिस्ट ए मैचों में 26 विकेट और 30 टी20 मैचों में 36 विकेट दर्ज हैं.














