म्यांमार के पश्चिमी रखाइन प्रांत में सेना की ओर से किए गए हवाई हमले में कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई, जबकि 58 लोग घायल हुए हैं. यह हमला एक बाजार के पास उस इलाके में हुआ, जिस पर एक शक्तिशाली विद्रोही संगठन का नियंत्रण है.
हमले की जानकारी विद्रोही संगठन और बचाव कार्य में शामिल एक अधिकारी ने दी. बताया गया है कि यह घटना क्याउक्ताव टाउनशिप में हुई. यह इलाका रखाइन राज्य में स्थित है और यहां अराकान आर्मी नाम के ताकतवर जातीय सशस्त्र संगठन का नियंत्रण है.आपको बता दें कि म्यांमार में पिछले कुछ समय से सेना की ओर से किए जा रहे हवाई हमलों में तेजी आई है. देश के अलग-अलग हिस्सों में लोकतंत्र समर्थक संगठनों और जातीय सशस्त्र समूहों के ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है. सोमवार का हमला भी इसी तरह की घटनाओं की कड़ी का हिस्सा बताया जा रहा है.
2021 से जारी है संघर्ष
म्यांमार में राजनीतिक और सैन्य संकट की शुरुआत 1 फरवरी 2021 को हुई थी. उस दिन सेना ने निर्वाचित सरकार को हटाकर सत्ता अपने हाथ में ले ली थी. इस घटनाक्रम के बाद देशभर में सैन्य शासन के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हुए. सुरक्षा बलों ने कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग किया. इसके बाद सैन्य शासन का विरोध करने वाले कई लोगों ने हथियार उठा लिए. धीरे-धीरे यह संघर्ष देश के बड़े हिस्से में फैल गया और सेना का मुकाबला लोकतंत्र समर्थक और जातीय सशस्त्र संगठनों से होने लगा.















