मुजफ्फरनगर। शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) के तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को शासन की मंजूरी मिल गई है। इन परियोजनाओं पर कुल 16 करोड़ 74 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर विधायक एवं प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रयासों से स्वीकृत इन योजनाओं के तहत नालों का निर्माण, नालों को कवर्ड कर सड़क बनाने और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जाएंगे। पहली परियोजना के अंतर्गत जानसठ रोड से सहावली की ओर जाने वाले मार्ग पर करीब 500 मीटर लंबे नाले को कवर्ड किया जाएगा। इसके साथ ही जानसठ रोड से कूकड़ा की ओर पहले से बने आरसीसी नाले तक लगभग 500 मीटर अतिरिक्त नाले का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर 10.20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पानी की निकासी बेहतर होने के साथ आवागमन की सुविधा भी बढ़ेगी। दूसरी परियोजना के तहत जीसी पब्लिक स्कूल से गांधी नगर पुलिया तक लगभग 800 मीटर लंबे आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा। इस पर 4.51 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे क्षेत्र के लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, तीसरी परियोजना के अंतर्गत रामपुर चौराहे पर जल निकासी के लिए कलवर्ट, ड्रेन और इंटरलॉकिंग टाइल्स सहित जरूरी निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा सुभाष चौक का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण भी होगा। इस परियोजना पर 2.03 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि शहर का सुनियोजित विकास, जलभराव का स्थायी समाधान और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएंगे। इन परियोजनाओं से शहर की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होने के साथ सड़क और सार्वजनिक स्थलों की स्थिति में भी सुधार होगा।















