मुजफ्फरनगर पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने ऑनलाइन शॉपिंग ऐप के माध्यम से मंदिर का ऑर्डर भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने न केवल ऑर्डर के नाम पर ठगी की, बल्कि बाद में पीड़ित को यह कहकर दोबारा झांसे में लिया कि वह आरबीआई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में मदद करेगा। इस तरह आरोपी ने कुल ₹12,95,000 की धोखाधड़ी कर ली। बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मामले में साइबर क्राइम थाना मुजफ्फरनगर पर मुकदमा संख्या 33/2025 दर्ज किया गया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 318(4), 336, 338, 340(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस टीम ने प्राप्त इनपुट और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्ध व्हाट्सएप नंबरों को ट्रेस कर आरोपी को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के मोबाइल फोन में वह व्हाट्सएप अकाउंट सक्रिय पाया गया, जिससे पीड़ित से संपर्क किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के फोन से तीन अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर की गई 10 अन्य शिकायतों की जानकारी भी मिली है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी साइबर ठगी के कई मामलों में सक्रिय था और लोगों को सरकारी संस्थानों के नाम पर झूठे कॉल व संदेश भेजकर पैसे हड़पता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उससे जुड़ी अन्य संभावित ठगी के मामलों की जांच की जा रही है।























































