मुजफ्फरनगर। गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने नगर स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु नानक देव जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने दोनों अधिकारियों का शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने गुरु नानक देव जी के जीवन, उनके उपदेशों और उनके द्वारा दिए गए मानवता, सेवा और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की प्रेरणा दी।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने उपस्थित श्रद्धालुओं और नगरवासियों को गुरु नानक देव जी की जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन त्याग, सेवा, करुणा और बलिदान की अद्भुत मिसाल है। उनके उपदेश हमें मानवता, समानता और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। गुरुद्वारे में इस अवसर पर कीर्तन और अरदास का आयोजन किया गया, जिसमें नगर की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई। कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण, गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने मिलकर गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर अमल करने का संकल्प लिया।
















