शुक्रताल में कार्तिक गंगा स्नान मेले की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, पुलिस प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम

मुजफ्फरनगर। थाना भोपा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित पवित्र तीर्थ स्थल शुक्रताल में आयोजित कार्तिक गंगा स्नान मेला-2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। गंगा स्नान मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता व्यवस्थाओं को मजबूत बनाया गया है।पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल ने मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य स्नान घाट, पार्किंग स्थल, कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र, मार्गों और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जाए। ड्यूटी के दौरान सभी कर्मचारी अनुशासन, सजगता और आमजन के प्रति सौम्य व्यवहार बनाए रखें।

एसपी ग्रामीण ने सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग, लाउडहेलिंग सिस्टम और बैरिकेडिंग को लगातार प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष बल दिया ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही, खोया-पाया केंद्र पर विशेष निगरानी रखने और कंट्रोल रूम से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मेले में आए श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और मेला व्यवस्था से संबंधित सुझाव भी प्राप्त किए। श्रद्धालुओं ने सुरक्षा, स्वच्छता और पुलिस व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार मेला क्षेत्र में व्यवस्थाएं बेहतर हैं।

इसके अलावा उन्होंने मेला क्षेत्र में नियुक्त सफाई कर्मियों से संवाद किया और उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही श्रद्धा का प्रथम प्रतीक है, इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निभानी चाहिए। मेला क्षेत्र में नियमित सफाई और कचरा निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मिश्रा, क्षेत्राधिकारी खतौली राम आशीष यादव, क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत वाजपेई, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर और क्षेत्राधिकारी प्रशिक्षु मनोज गंगवार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से यह सुनिश्चित किया कि गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और मेला सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts