औरैया। जनपद में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर विभाग की टीम ने गुरुवार को औरैया नगर सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर खुले में बिक्री की जा रही दूषित मिठाइयों और खजला को नष्ट कराया। इस दौरान करीब 107 किलोग्राम खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 10 हजार 700 रुपये बताई गई है।अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुनील कुमार द्वारा गठित सचल दल ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास के नेतृत्व में अभियान चलाया। टीम ने नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी की मदद से सुभाष चौक, जेसी चौराहा, खानपुर चौराहा और जालौन चौराहा सहित नगर के विभिन्न स्थानों पर प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खुले में रखी दूषित मिठाइयां, खजला और नकली चांदी का वर्क लगी मिठाइयां पाई गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
वहीं, नवीन नगर बाबरपुर अजीतमल स्थित मोदी स्वीट्स एंड बेकरी दूध डेयरी से पनीर का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण के संचालित पाया गया। विभाग द्वारा संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। संग्रहित नमूने को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त खाद्य सुनील कुमार ने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिष्ठानों पर खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रदर्शित करें। खाद्य पदार्थों के क्रय-विक्रय बिल, स्टॉक रजिस्टर और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी उपलब्ध रखें। उन्होंने खाद्य पदार्थों को केवल वैध निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं से खरीदने तथा किसी भी खाद्य सामग्री को खुले में रखकर बिक्री न करने की हिदायत दी।विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि कहीं भी मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग, कलेक्ट्रेट ककोर मुख्यालय औरैया में लिखित शिकायत दर्ज कराएं।















