पूर्व विधायक शाहनवाज राणा पर 75 लाख की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज.

मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चर्चित राजनीतिक और कारोबारी परिवार से जुड़े पूर्व विधायक शाहनवाज राणा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जीएसटी टीम की कार्रवाई के विरोध में हुए हंगामे और बलवे के मामले में गिरफ्तारी तथा जमानत के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी और समन की कार्रवाई के बीच अब उनके खिलाफ 75 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का नया मुकदमा दर्ज हुआ है। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने एक कारोबारी की शिकायत पर पूर्व विधायक और उनके परिवार से जुड़े लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, कारोबारी की मुलाकात शाहनवाज राणा से एक विवाह समारोह के दौरान हुई थी। इस मुलाकात के बाद दोनों के बीच कारोबारी संबंध स्थापित हुए। आरोप है कि शाहनवाज राणा ने कारोबारी को अपनी फैक्ट्री में कारोबार करने का प्रस्ताव दिया और साझेदारी के माध्यम से अच्छा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद कारोबारी अपने बेटे के साथ फैक्ट्री पहुंचा, जहां शाहनवाज राणा के दोनों बेटे भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान कारोबार को आगे बढ़ाने और माल की आपूर्ति करने पर सहमति बनी।कारोबारी का आरोप है कि सितंबर 2024 में उसने पहली खेप के रूप में करीब 40 लाख रुपये का माल फैक्ट्री में भेजा था। इसके बाद भी कारोबार के सिलसिले में माल की आपूर्ति की गई। आरोप है कि माल प्राप्त करने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया और बार-बार तकादा करने पर भी रकम लौटाने के बजाय टालमटोल की जाती रही। कारोबारी के मुताबिक कुल 75 लाख रुपये की देनदारी होने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।

काफी समय तक रकम वापस मिलने का इंतजार करने के बाद कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में कारोबारी लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों, माल की आपूर्ति और भुगतान संबंधी तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts