मक्के की रोटी बनाने के टिप्स.

सर्दियों का मौसम आते ही खानपान में कई तरह के पारंपरिक व्यंजन शामिल हो जाते हैं. इन्हीं में से एक है मक्के की रोटी. सरसों के साग और सफेद मक्खन के साथ गरमा-गरम मक्के की रोटी खाने का स्वाद ही अलग होता है. मक्के के आटे से बनी यह रोटी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ फाइबर और कई पोषक तत्वों का भी अच्छा स्रोत है. यही वजह है कि सर्दियों में लोग इसे खाना काफी पसंद करते हैं. हालांकि, मक्के की रोटी बनाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. कई बार आटा गूंथते समय ठीक से बंधता नहीं है तो कभी रोटी बेलते या तवे पर डालते समय बीच से टूट जाती है. कुछ लोगों की रोटी गोल नहीं बन पाती, जबकि कुछ की रोटी पकने के बाद सख्त हो जाती है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान ट्रिक्स अपनाकर आप घर पर ही नरम, गोल और बिल्कुल परफेक्ट मक्के की रोटी बना सकते हैं.

सही आटे का चुनाव करना है जरूरी

मक्के की रोटी बनाने के लिए सबसे पहले अच्छे और फ्रेश मक्के के आटे का चुनाव करें. बहुत पुराना या ज्यादा सूखा आटा इस्तेमाल करने से रोटी में दरारें आ सकती हैं. कोशिश करें कि आटा फ्रेश हो और उसमें नमी बनी रहे. इससे आटा गूंथने और रोटी बनाने में आसानी होती है.

गुनगुने पानी से गूंथें आटा

मक्के की रोटी टूटने की सबसे बड़ी वजह आटे का ठीक से न बंधना है. दरअसल, मक्के के आटे में गेहूं की तरह ग्लूटेन नहीं होता, इसलिए इसे बांधना थोड़ा मुश्किल हो सकता है. इसके लिए हमेशा गुनगुने या हल्के गर्म पानी का इस्तेमाल करें. एक बर्तन में मक्के का आटा लें और थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए हाथों से अच्छी तरह मिलाएं. एक साथ ज्यादा पानी न डालें.

आटा गूंथने के तुरंत बाद बनाएं रोटी

मक्के के आटे को लंबे समय तक गूंथकर रखने से उसकी नमी कम हो सकती है और आटा सूखने लगता है. इससे रोटी बनाते समय उसमें दरारें पड़ सकती हैं. इसलिए आटा गूंथने के बाद उसे ज्यादा देर तक खुला न छोड़ें. जरूरत हो तो गीले कपड़े से ढककर रखें और थोड़ी-थोड़ी मात्रा में आटा लेकर रोटी बनाएं.

हाथों से थपथपाकर बनाएं गोल रोटी

मक्के की रोटी को बेलन से बेलना कई बार मुश्किल होता है. ऐसे में आप हथेलियों की मदद ले सकते हैं. इसके लिए एक साफ प्लास्टिक शीट, बटर पेपर या पॉलीथिन पर हल्का पानी लगाएं. आटे की लोई रखें और हाथों से धीरे-धीरे थपथपाते हुए गोल शेप दें. ध्यान रखें कि रोटी को एकदम पतला न करें और पकने के बाद भी नरम रहती है.

रोटी टूटने से बचाने की खास ट्रिक

अगर आपकी मक्के की रोटी बार-बार टूट जाती है तो आटा गूंथते समय उसमें एक या दो चम्मच गेहूं का आटा मिला सकते हैं. इससे आटे को बांधने में मदद मिल सकती है और रोटी संभालना आसान हो जाता है. अगर आप पूरी तरह मक्के के आटे की रोटी बनाना चाहते हैं तो गेहूं का आटा डालना जरूरी नहीं है. इसकी जगह आटे को अच्छी तरह गर्म पानी से गूंथें और रोटी को हथेलियों से धीरे-धीरे शेप दें.

रोटी पर लगाएं देसी घी या मक्खन

मक्के की रोटी को नरम और स्वादिष्ट बनाने के लिए पकने के बाद उस पर थोड़ा देसी घी या सफेद मक्खन लगाएं. इससे रोटी का स्वाद बढ़ जाता है और उसकी लेयर मुलायम बनी रहती है.अगर आप रोटियां पहले से बनाकर रख रहे हैं तो उन्हें साफ सूती कपड़े में लपेटकर किसी ढके हुए डिब्बे में रखें.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts