मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंसूरपुर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी होने के साथ ही धारा 82 और 83 सीआरपीसी के तहत भी कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने अभियुक्त को उसके मकान से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन तथा क्षेत्राधिकारी खतौली के निर्देशन में थाना मंसूरपुर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त राजा पुत्र इस्माइल निवासी ग्राम संधावली, थाना मंसूरपुर, जनपद मुजफ्फरनगर है। अभियुक्त के खिलाफ वाद संख्या 8349/19 तथा मुकदमा अपराध संख्या 232/02 में धारा 41/102 सीआरपीसी और 411 आईपीसी के तहत मामला दर्ज है। यह मुकदमा थाना कोतवाली नगर से संबंधित है। अभियुक्त लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट के साथ धारा 82 और 83 सीआरपीसी की कार्रवाई की गई थी। मंसूरपुर पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ जारी अभियान को गति मिली है।















