मंदिर, बस अड्डे और होटलों पर चला बाल सुरक्षा अभियान.

बांदा। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में मानव तस्करी रोधी इकाई, विशेष किशोर पुलिस इकाई, बाल सहायता केंद्र, ग्रामीण स्वावलंबन समिति और साथी संस्था की संयुक्त टोली द्वारा जनपद में सघन जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान संकट मोचन मंदिर, अशोक लाट, बस अड्डा, स्टेशन मार्ग सहित कई प्रमुख स्थानों पर चलाया गया। अभियान के दौरान बसों में सफर कर रहे और बस अड्डे पर मौजूद यात्रियों को मानव तस्करी, बाल मजदूरी, बाल भिक्षावृत्ति, बच्चा चोरी और जहरखुरानी जैसी घटनाओं के प्रति सचेत किया गया। साथ ही शासन द्वारा जारी सहायता नंबर 112, 1098, 1090, 181, 1076 की जानकारी दी गई। टोली ने पर्चे बांटकर लोगों से अपील की कि बाल विवाह न करें और यदि कहीं बाल विवाह हो रहा हो तो उसकी सूचना तत्काल सहायता नंबर या नजदीकी थाने पर दें। बच्चों के साथ यात्रा कर रहे माता-पिता को सलाह दी गई कि वे बच्चों को अपने पास रखें और किसी अनजान व्यक्ति द्वारा दी गई कोई भी खाने-पीने की वस्तु न लें। इसके बाद स्टेशन मार्ग पर स्थित दुकानों और भोजनालयों की जांच की गई। दुकानदारों और आम लोगों को सख्त हिदायत दी गई कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से काम न कराएं।

यदि कोई दुकानदार बाल मजदूरी कराता पाया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संकट मोचन मंदिर में आए श्रद्धालुओं को भी बाल मजदूरी और बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक किया गया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने बताया कि बच्चे हमारा भविष्य हैं, उनकी सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जनपद में बाल मजदूरी, बाल विवाह, मानव तस्करी और बच्चा चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आम लोगों से अपील है कि यदि कहीं भी बच्चों के साथ गलत होता दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts