बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल गया है. मौसम विभाग के अनुसार, तूफान उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और 20 नवंबर की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार कर सकता है.इसके गोपालपुर के पास तट से टकराने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंकों के साथ 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है.
विशाखापत्तनम से 170 किलोमीटर दूर है तूफान
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले छह घंटों के दौरान चक्रवात 21 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ा. 20 नवंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 2:30 बजे यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में केंद्रित था. उस समय इसकी स्थिति 17.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 84.9 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज की गई.तूफान आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से करीब 110 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 170 किलोमीटर पूर्व, ओडिशा के गोपालपुर से 170 किलोमीटर दक्षिण और पुरी से 250 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था. वहीं, आंध्र प्रदेश के नरसापुर से इसकी दूरी करीब 370 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व थी.
तटों पर पहुंचने लगा तूफान का असर
मौसम विभाग की ताजा सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार, तूफान से जुड़े बादलों का समूह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों की ओर पहुंच गया है. इससे तूफान का तटीय इलाकों से संपर्क शुरू हो गया है. अनुमान है कि यह 20 नवंबर की सुबह तक गोपालपुर के आसपास दोनों राज्यों के तटों को पार करेगा.
डॉप्लर रडार से लगातार निगरानी
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ पर मौसम विभाग लगातार नजर बनाए हुए है. इसकी गतिविधियों और दिशा पर विशाखापत्तनम तथा गोपालपुर स्थित डॉप्लर मौसम रडार के जरिये निगरानी की जा रही है. विभाग के अनुसार, तूफान की स्थिति और उसके आगे बढ़ने की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है.
गोपालपुर बीच के पास अशांत हो रहा समुद्र
चक्रवात ‘अकवान’ के कारण भुवनेश्वर शहर में भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं. उधर, गोपालपुर बीच के पास समुद्र की स्थिति खराब है. चक्रवात के करीब आने के कारण समुद्र अशांत हो रहा है और लहरें लगातार उग्र होती जा रही हैं. इसी तरह ओडिशा के गंजाम में भी ‘अकवान’ के असर से आर्यापल्ली में समुद्र की स्थिति काफी उग्र हो गई.
बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
ओडिशा ने दक्षिणी और तटीय जिलों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. राज्य में एक लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है, जिनमें लगभग 10,000 गर्भवती हैं. अकेले गंजाम जिले से 50,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया, जबकि गजपति से 16 हजार और कंधमाल से 3,000 लोगों को वहां से हटाया गया.
41 ट्रेन सेवाएं की गई हैं रद्द
रेल मंत्रालय ने चक्रवात ‘अकवान’ के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाते हुए 41 ट्रेन सेवाओं को रद्द कर दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक, अकवान के तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार तेज रहेगी. साथ ही ओडिशा के दक्षिणी और उत्तरी तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की आशंका है.















