बांदा। दीपावली पर जब पूरा शहर अपने घरों में दीप जला रहा था, तब बांदा पुलिस ने उन बुजुर्गों के घर दीप जलाया, जिनके अपने उनसे दूर हैं। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज वृद्धाश्रम पहुंचे और बुजुर्गों के बीच मिठाइयां और पटाखे वितरित किए। पुलिस की इस पहल ने बुजुर्गों के चेहरों पर वो मुस्कान लौटा दी, जो बरसों से कहीं खो गई थी।वृद्धाश्रम में जैसे ही पुलिस की टीम पहुंची, पूरा माहौल खुशनुमा हो गया।एएसपी शिवराज ने एक-एक बुजुर्ग के पास जाकर उनका हालचाल पूछा, उनके पैर छुए, मिठाई खिलाई और दीपावली की बधाई दी। बुजुर्गों ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया। किसी ने सिर पर हाथ फेरा, तो किसी की आंखें खुशी से नम हो गईं।बुजुर्गों के साथ पुलिस ने पटाखे भी जलाए। बरसों बाद पटाखों की आवाज और मिठाई की खुशबू ने वृद्धाश्रम को किसी घर जैसा बना दिया। ऐसा लगा मानो उनके अपने बेटे उनसे मिलने आए हों। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने कहा पुलिस का काम सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालना नहीं है, पुलिस का काम समाज के हर वर्ग के साथ खड़ा होना है।
खुशियों का त्योहार है और हमारी कोशिश है कि कोई भी बुजुर्ग अपने आप को अकेला न समझे। ये बुजुर्ग हमारे समाज की धरोहर हैं, इनके आशीर्वाद से ही हम आगे बढ़ते हैं। बांदा पुलिस हमेशा इनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा हमने सभी थानों को भी निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में असहाय, गरीब और बुजुर्गों के बीच जाकर दीपावली की खुशियां बांटें। एक दीप उनके लिए भी जलाएं, जिनके घर में कोई दीप जलाने वाला नहीं है। यही सच्ची दीपावली है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने कहा आज यहां आकर ऐसा लगा जैसे अपने परिवार के बीच आ गया हूं। इन बुजुर्गों की मुस्कान ही हमारे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। हम चाहते हैं कि ये बुजुर्ग हमेशा खुश रहें, स्वस्थ रहें। बांदा पुलिस इनके लिए हमेशा एक बेटे की तरह खड़ी है। वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने कहा कि आज पुलिस ने बेटे की कमी पूरी कर दी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक और पूरी टीम को दिल से आशीर्वाद दिया।















