जागाहेड़ी टोल प्लाजा हादसे में छह मौतों पर सीएमओ ने जताया शोक,

मुजफ्फरनगर। जागाहेड़ी टोल प्लाजा के पास सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार के बिजली के खंभे से टकराने के बाद आग लगने से छह लोगों की जलकर मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

हादसे की जानकारी मिलते ही सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। साथ ही सभी छह मृतकों का पोस्टमार्टम जल्द से जल्द और प्राथमिकता के आधार पर संपन्न कराने के निर्देश दिए, ताकि दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिजनों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पोस्टमार्टम से संबंधित सभी औपचारिकताएं संवेदनशीलता और तत्परता के साथ पूरी कराने पर जोर दिया।

इसके बाद सीएमओ ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के बर्न वार्ड का जायजा लिया और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपचार की व्यवस्थाओं तथा आवश्यक संसाधनों की जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण कर चिकित्सकों से मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार के संबंध में जानकारी ली।

सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को बिना देरी तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। बर्न वार्ड सहित सभी आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मरीज के इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और तत्परता के साथ मरीजों की देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts