बांदा। दीपावली के बाद भी पटाखों का कहर थम नहीं रहा। देर रात बबेरू रोड स्थित राजेश की कबाड़ की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। ऊंची-ऊंची लपटें और काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। दुकान से आग की लपटें उठती देख पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकल आए।बताया जा रहा है कि पटाखे की चिंगारी कबाड़ में गिरने से आग भड़क उठी। कबाड़ में प्लास्टिक, कागज और रबर का सामान होने से आग ने पल भर में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने तत्काल दमकल की गाड़ियों और कोतवाली पुलिस को मौके पर रवाना किया। क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह खुद मौके पर पहुंचे और अपनी मौजूदगी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलवाया।
पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक दुकान में रखा लाखों का कबाड़ जलकर राख हो गया।फिलहाल आग लगने का आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पटाखे की चिंगारी से ही आग लगी है। पुलिस नुकसान का आकलन कर रही है।क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।















