बाँदा। भैया दूज का त्योहार मना कर बुआ के घर से अपने गाँव लौट रहा 19 साल का युवक हादसे का शिकार हो गया। बांदा-फतेहपुर हाईवे पर तेज रफ्तार गिट्टी लदे डंपर ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सेमरी गांव निवासी राजा बाबू का बेटा निखिल (19) अपने पिता के साथ पिछले कई सालों से अहमदाबाद में रहकर मजदूरी करता था। दीपावली का पर्व मनाने के लिए वह 7 नवंबर को गांव आया हुआ था। गुरुवार को वह हमीरपुर जिले के सिसोलर भैसमरी गांव में अपनी बुआ के यहां भैया दूज मनाने गया था।
वहां से बाइक से वापस गांव लौट रहा था।इसी दौरान कुरसेजा चौकी के पास पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आ रहे डंपर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि निखिल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। निखिल दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। घर में दादी बुद्धी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता राजा बाबू और मां गुड़िया अभी अहमदाबाद में ही हैं। परिजनों का कहना है कि निखिल सबको रोता-बिलखता छोड़ गया।एसएसआई सुभाष वर्मा ने बताया कि डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।















