मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) को त्रुटिहीन एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से तहसील सदर के पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के तीन चरण निर्धारित किए गए हैं। प्रथम बैच का प्रशिक्षण 26 से 28 अक्टूबर, द्वितीय बैच का 4 से 6 नवंबर तथा तृतीय बैच का प्रशिक्षण 12 से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। गुरुवार को तृतीय बैच के प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने भोपा रोड स्थित एसडी पब्लिक स्कूल के प्रशिक्षण केंद्र पर पहुंचकर प्रथम एवं द्वितीय पाली के प्रशिक्षण सत्रों का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों से सीधे संवाद किया और उन्हें राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं गंभीरता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि संवादात्मक बनाया जाए, ताकि प्रशिक्षणार्थी अपनी प्रत्येक जिज्ञासा और शंका का समाधान कर सकें। उन्होंने मास्टर ट्रेनर्स को निर्देश दिए कि जनगणना से जुड़े तकनीकी पहलुओं एवं दिशा-निर्देशों को सरल भाषा में समझाएं, जिससे मैदानी स्तर पर गणना कार्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने आंकड़ों की सटीकता एवं गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, जलपान एवं खानपान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, पर्यवेक्षक एवं प्रगणक उपस्थित रहे।















